
फिर जोरदार धमाके से कांपा लेबनान, कई लोगों के घायल होने की आशंका
हाइलाइट्स:
- दक्षिणी लेबनान में फिर हुआ जोरदार धमाका, कई लोग घायल
- हिजबुल्लाह का गढ़ है यह इलाका, सुरक्षाबलों की तैनाती बढ़ाई गई
- सोशल मीडिया में दावा, हिजबुल्लाह के हथियारों के गोदाम में हुआ यह धमाका
बेरूत में हुए शक्तिशाली विस्फोट के एक महीने बाद लेबनान में फिर एक जोरदार धमाका हुआ है। यह धमाका दक्षिणी लेबनान के इन क्यूना इलाके में हुआ है। धमाके के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। जानकारी मिलते ही सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके को घेर लिया है। बताया जा रहा है कि इस धमाके में कई लोग घायल भी हुए हैं।
हिजबुल्लाह का गढ़ है यह इलाका
इन क्यूना लेबनान की राजधानी बेरूत से लगभग 50 किलोमीटर दक्षिण में स्थित है। यह इलाका हिजबुल्लाह का गढ़ माना जाता है। हिजबुल्लाह पश्चिम एशिया का एक शिया मिलिशिया ग्रुप है। इसे ईरान समेत कई देश अंदरूनी तौर पर समर्थन भी देते हैं। विस्फोट के बाद से ही इस इलाके में बड़ी संख्या में उसके जवान भी पहुंच गए हैं।